वाराणसी में हुई झमाझम बारिश, सड़कों और शहर के निचले स्थानों पर जलभराव ने बढ़ायी परेशानी

 




—नगर निगम की टीम भी सड़कों पर उतरी, जल निकासी का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

वाराणसी, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रविवार शाम झमाझम बारिश से शहर के मार्गो पर गलियों में जलभराव हो गया। झमाझम बारिश के बीच गरज और चमक से कुछ समय के लिए राहगीर भी ठिठक गए। सुरक्षित स्थान पर लोग भींगते हुए खड़े रहे। भादो मास के शुरूआती दिनों में भी जोरदार बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। इसके पहले भोर में भी रिमझिम फुहारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बीएचयू के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां दोबारा सक्रिय है।

माना जा रहा है कि अगले दो दिनों तक बादल झूमकर बरसेंगे। मौसम विभाग ने भी सोमवार 31 अगस्त और एक सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के लिए आर्द्रता भी पर्याप्त है उधर नगर में बारिश के बाद जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम की टीम सड़कों पर उता आई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल छाता ताने और पैदल घूमकर कचहरी, पांडेयपुर और सिगरा समेत कई इलाकों में जल निकासी का व्यवस्था परखते रहे। नगर निगम के अफसरों ने दावा किया कि पंपों और सफाई कर्मचारियों की मुस्तैदी से जल निकासी की गई।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलजमाव की समस्या से नागरिकों को तत्काल राहत दिलाई जाए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी