वाराणसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप

 


- राजनीतिक दलों से बीएलए की तैनाती और छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़वाने की अपील

- आठ विधानसभा क्षेत्रों के 373 बूथों पर अब तक नहीं मिला फॉर्म-06

वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों का नाम जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की।

28 और 29 नवंबर को प्रत्येक बूथ पर लगेंगे विशेष कैंप

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को जिले के प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पात्र मतदाताओं के आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीकरण कराया जा सके। उन्होंने राजनीतिक दलों से दोनों दिन अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने का अनुरोध किया।

373 बूथों पर अब तक नहीं मिला फॉर्म-06

बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त फॉर्म-06 की स्थिति की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों के कुल 373 बूथों पर अब तक एक भी फॉर्म-06 प्राप्त नहीं हुआ है। इनमें शहर उत्तरी के 27, अजगरा के 115, शिवपुर के 41, रोहनिया के 111, वाराणसी उत्तरी के 43, वाराणसी दक्षिणी के 07, वाराणसी कैंट के 08 तथा सेवापुरी के 21 बूथ शामिल हैं।

इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन बूथों पर विशेष ध्यान देने और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए गए आवेदन संबंधी आंकड़े

बैठक में बताया गया कि 17 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक प्राप्त फॉर्म-06, 07 और 08 की विधानसभा क्षेत्रवार संख्या राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही इस अवधि में प्राप्त आवेदनों के संकलन तथा फॉर्म-09, 10, 11, 11ए और 11बी की प्रतियां भी संबंधित दलों को दी गई हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार इनका विवरण जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है।

बीएलए एक बार में जमा कर सकेंगे अधिकतम 10 फॉर्म

निर्वाचन अधिकारियों ने बैठक में बताया कि बूथ लेवल एजेंट एक बार में अधिकतम 10 फॉर्म तथा पूरी पुनरीक्षण अवधि के दौरान आवश्यक घोषणा पत्र के साथ कुल 30 फॉर्म जमा कर सकते हैं। फॉर्म-06 भरते समय मतदाता का क्रमांक, ईपीआईसी (EPIC) नंबर और आवेदन संबंधी सूचना का स्रोत दर्ज करना अनिवार्य होगा।

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी करा सकेंगे पंजीकरण

अधिकारियों ने बताया कि 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले या इससे अधिक आयु के ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-06 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आयु एवं निवास संबंधी साक्ष्य के साथ हालिया पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो देना आवश्यक है।वहीं, मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-०8 तथा किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-०7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची में दर्ज फोटो बदलवाने के लिए भी फॉर्म-०8 का उपयोग किया जा सकता है।

अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने पर जोर

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष कैंपों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। बैठक में समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बहुजन समाज पार्टी(बसपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी