विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी नगर निगम ने शुरू की वृहद पर्यावरण संरक्षण मुहिम
-आदित्य नगर पोखरे के आसपास 51 पौधों के साथ अभियान की हुई शुरुआत, लक्ष्य 30,000 पौधों का
वाराणसी, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने वृहद स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम शुरू कर दी। इस क्रम में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आदित्य नगर पोखरे पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने केवल पौधे ही नहीं लगाए, बल्कि उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। महापौर ने बताया कि नगर निगम ने इस वर्ष शहर में लगभग 30,000 पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है, जिसकी शुरुआत आज विश्व वृक्षारोपण दिवस से की गई है। इस क्रम में आदित्य नगर पोखरे के आसपास मौलश्री, पीपल, बरगद, अशोक और अमलताश जैसी विभिन्न प्रजातियों के 51 पौधे रोपे गए। इस कार्य में पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सरायनंदन वार्ड का दौरा किया। यहां उन्होंने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को देखते हुए महापौर ने इसे संतोषजनक बताया और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
— एसएसपीजी मंडलीय जिला अस्पताल में एक पेड़ माँ के नाम अभियान में पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर कबीरचौरा स्थित एसएसपीजी मंडलीय जिला अस्पताल में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने एक पेड़ मां के नाम के अभियान में अपनी मां को स्मरण करते हुए एक आम का पेड़ लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात डॉ मुकुन्द श्रीवास्तव व डॉ मृदुला मलिक एवं डॉ मोहम्मद इकबाल ने एक-एक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए एक पौधा मातृ शक्ति को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के समस्त स्टाफ नर्स एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। अभियान के तहत डॉ बृजेश कुमार ने चिकित्सालय में आए मरीजों को शुद्ध शीतल पेयजल पिलाया। इसी क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ही सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर के युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विशेष दीवार लेखन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने हाईवे के किनारे, गांव एवं सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक संदेश लिखकर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी