विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस:स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम,संबंधित समस्याओं पर बात

 


वाराणसी,27 मई (हि.स.)। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को महेंद्र इंस्टीट्यूट, दुर्गाकुंड में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम साथिया केंद्र (ओपीडी 201), चिकित्सा विज्ञान संस्थान , सर सुंदरलाल अस्पताल, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड, नई दिल्ली तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किया। जागरूकता कार्यक्रम का थीम मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा एचपीवी टीकाकरण रहा, जिसमें संसाधन व्यक्ति के रूप में आईएमएस बीएचयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रो. डॉ. ममता उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम विभागाध्यक्ष एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एडोलसेंट हेल्थ एंड डेवलपमेंट की नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) संगीता राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 80 से अधिक किशोरियों, युवतियों, शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. ममता ने मासिक धर्म चक्र, मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व तथा सैनिटरी पैड के सही उपयोग एवं निपटान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े आम मिथकों को दूर किया तथा अनियमित मासिक धर्म से संबंधित समस्याओं पर बात करते हुए प्रतिभागियों को समय पर नजदीकी स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने किशोरियों को पीसीओएस और पीसीओडी जैसी स्थितियों से बचाव के लिए जीवनशैली में आवश्यक बदलावों के बारे में भी बताया। चर्चा में एचपीवी एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। काउंसलर हर्ष ने किशोर आयु वर्ग के लिए समर्पित एडोलसेंट क्लिनिक के बारे में भी जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी