वाराणसी: विश्व जल दिवस पर मानव शृंखला बनाकर गंगा के निर्मलीकरण का दिया संदेश

 


—नमामि गंगे के स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने दशाश्वमेध घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान

वाराणसी,22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में विश्व जल दिवस पर रविवार को नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने आमजन के साथ मिलकर गंगा की निर्मलता के लिए दशाश्वमेधघाट पर मानव श्रृंखला बनाई। हाथ से हाथ जोड़कर नदियों, तालाबों और भूजल को बचाने का संकल्प लिया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है । इसके बाद घाट पर गंगा में सफाई अभियान भी चलाया गया। देश की धर्मपरायण जनता से गंगाजल के लिए जनभागीदारी व जागरूकता का आवाह्न भी किया गया। घाट पर गंगा जल को प्रदूषित कर रही सामग्रियों को निकालकर संदेश दिया कि स्वच्छ जल का सेवन एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का आधार है । इस दौरान नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि विश्व जल दिवस न केवल जल संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि जल संकट से निपटने के लिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई के लिए भी प्रेरित करता है। यह दिवस हमें पानी के जिम्मेदार उपयोग और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इसे बचाने की याद दिलाता है। अभियान में सारिका गुप्ता, बीना गुप्ता , पंकज अग्रहरि, रुबी गुप्ता, अजीत पाण्डेय , शिल्पी पाण्डेय, राखी पाण्डेय आदि ने भी अभियान में भागीदारी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी