वाराणसी : लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करें, कार्यदायी संस्थाएं विशेष रुचि लें : जिलाधिकारी
—विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक
वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि वे विशेष रुचि लेकर लंबित परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
विकास भवन सभागार में शनिवार को पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश/जिलांश, क्रिटिकल गैप्स योजना तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं तथा निर्धारित समयसीमा से विलंबित कार्यों की कार्यदायी संस्थावार गहन समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने विलंबित परियोजनाओं की स्वीकृत एवं अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष भौतिक प्रगति की जानकारी भी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधकों से कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए, ताकि सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकें।
बैठक में जमीन उपलब्ध न होने और टेंडर प्रक्रिया में देरी को लेकर जिलाधिकारी ने यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में यदि कोई बाधा उत्पन्न होती है तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दी जाए, ताकि समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अलग से बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित लोक निर्माण विभाग (निर्माण एवं प्रांतीय खंड), सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपीपीसीएल, यूपी एग्रो, बिजली विभाग तथा नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी