“कोई आदेश हौ, कोई काम हौ” पूछकर विधायक ने मौके पर सुनीं समस्याएं, पांच पौधे रोपे
वाराणसी के राजघाट वार्ड में विधायक नीलकंठ तिवारी का प्रवास
वाराणसी, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को राजघाट वार्ड में अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास के तहत जनसंपर्क किया। यह उनके वार्ड प्रवास का 54वां दिन था। सुबह करीब 7:30 बजे भैंसासुर बाबा मंदिर पर क्षेत्रीय लोगों के एकत्रीकरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
विधायक ने राजघाट वार्ड के नया महादेव मोहल्ले की गलियों में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण किया गया।
वार्ड भ्रमण के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्थानीय लोगों से ठेठ बनारसी अंदाज में पूछा—“कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?” लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने मौके पर मौजूद नगर निगम, जलकल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
क्षेत्रवासियों ने पेयजल पाइपलाइन बदलने और गलियों में स्मार्ट चौका लगाने की मांग रखी। पेयजल पाइपलाइन बदलने के लिए विधायक ने मौके से ही नगर आयुक्त और जलकल के महाप्रबंधक से मोबाइल पर वार्ता की तथा इस संबंध में पत्र भी भेजा। वहीं, राजघाट वार्ड की करीब एक किलोमीटर लंबी गलियों में पीसीसी कराने और चौका बदलने के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित की गई।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 54 दिनों के वार्ड प्रवास के दौरान दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में दो-दो बार प्रवास पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में तीसरे चरण के प्रवास के छठे वार्ड का भ्रमण भी पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सुबह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पांच पौधों का रोपण, वार्ड भ्रमण और जनसमस्याओं के समाधान के बाद चौपाल लगाकर लोगों से अनौपचारिक संवाद किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 54 दिनों के दौरान पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली-पिट, स्ट्रीट लाइट और पार्क सहित सैकड़ों छोटे-बड़े कार्य कराए गए हैं। 76 दिवसीय वार्ड प्रवास के दौरान प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप भी लगाए जा रहे हैं। अब तक आठ रविवार को आठ कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इन कैंपों में विश्वकर्मा योजना के किट और पीएम स्वनिधि योजना के चेक दर्जनों लाभार्थियों को वितरित किए गए हैं।
विधायक ने बताया कि इन कैंपों के माध्यम से अब तक करीब एक हजार लोगों का नेत्र परीक्षण कराया जा चुका है, जबकि 200 से अधिक लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं में सैकड़ों लोगों का पंजीकरण भी कराया गया है।
लगातार चौथे वर्ष आयोजित किए जा रहे वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत 19 जुलाई से हुई है, जिसका समापन 2 अक्टूबर को होगा।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद विजय सोनकर, अंकुर मेहरोत्रा, अभिजीत भारद्वाज लकी, दीपक कुशवाहा, शुभम चौरसिया, कमलेश साहनी, सौरभ साहनी, अंगद साहनी, अशोक तिवारी बाबा, प्रियांशु तिवारी, अशोक वर्मा समेत भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी