वाराणसी : विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय 'वार्ड प्रवास' रविवार से, ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा करेंगे शुभारंभ

 


वाराणसी, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रविवार से अपने विधानसभा क्षेत्र में 76 दिवसीय 'वार्ड प्रवास' कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार प्रातः 7:30 बजे सूर्यकुंड स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा करेंगे।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्ड प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत वह विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में क्रमवार रात्रि प्रवास करेंगे, स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करेंगे तथा उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण का प्रयास करेंगे।

उन्होंने बताया कि वार्ड प्रवास के दौरान प्रत्येक वार्ड में भ्रमण, स्वच्छता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन के उद्देश्य से प्रतिदिन पांच पौधों का पौधरोपण भी किया जाएगा।

डॉ. तिवारी ने बताया कि 76 दिनों के इस अभियान के दौरान पड़ने वाले सभी 10 रविवार को विशेष जनकल्याण एवं लाभार्थीपरक शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविरों में विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, विश्वकर्मा श्रम योजना, रोजगारपरक योजनाओं के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वार्ड प्रवास के पहले दिन रविवार को कोनिया स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल में पूर्वाह्न 10 बजे से विशेष लाभार्थी शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां पात्र नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।

विधायक ने बताया कि 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी तथा अपर नगर आयुक्त को नोडल (इंचार्ज) अधिकारी नामित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी