तुलसीघाट पर शुक्रवार को होगा विश्वप्रसिद्ध नाग नथैया मेला, कालियानाग के फन पर नृत्य करते दिखेंगे भगवान श्रीकृष्ण
जल प्रदूषण के प्रति जागरूकता का संदेश देता है आयोजन, दोपहर तीन बजे शुरू होगी लीला लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
वाराणसी, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शुमार तुलसीघाट का विश्वप्रसिद्ध नाग नथैया मेला शुक्रवार, 13 नवम्बर को आयोजित होगा। अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास एवं श्री संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र की देखरेख में दोपहर तीन बजे से लीला का आयोजन शुरू होगा। मेले को लेकर गुरुवार को तुलसीघाट पर दिनभर तैयारियां चलती रहीं। गंगा में आई बाढ़ के बाद घाट पर जमा मिट्टी और सिल्ट हटाने का काम युद्धस्तर पर किया गया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मेला स्थल, घाट और आसपास की गलियों का निरीक्षण किया।
आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, नाग नथैया लीला के आयोजन का उद्देश्य गंगा सहित नदियों को प्रदूषण से मुक्त रखने और जल संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक करना भी है। भगवान श्रीकृष्ण की कालियानाग मर्दन लीला के माध्यम से जल प्रदूषण के दुष्परिणामों और नदियों की स्वच्छता का संदेश दिया जाता है।
—शाम 4:40 बजे कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाएंगे कान्हा
नाग नथैया की लीला के दौरान तुलसीघाट पर गंगा को प्रतीकात्मक रूप से यमुना के रूप में सजाया जाता है। दोपहर तीन बजे से शुरू होने वाली लीला में भगवान श्रीकृष्ण अपने बाल सखाओं के साथ यमुना किनारे गेंद खेलते हैं। इसी दौरान गेंद नदी में चली जाती है। यमुना में कालियानाग के रहने के कारण कोई भी नदी में उतरने का साहस नहीं करता। बाल सखाओं के आग्रह पर भगवान श्रीकृष्ण कदंब की डाल पर चढ़ते हैं और शाम 4 बजकर 40 मिनट पर नदी में छलांग लगा देते हैं। काफी देर तक कान्हा के नदी से बाहर नहीं आने पर बाल सखा व्याकुल हो उठते हैं। कुछ समय बाद भगवान श्रीकृष्ण कालियानाग का मान-मर्दन कर उसके फन पर नृत्य करते हुए प्रकट होते हैं। इस दौरान उनके हाथों में बांसुरी होती है और वे वेणुवादन करते नजर आते हैं। भगवान के इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए गंगा तट पर मौजूद लाखों श्रद्धालु, देशी-विदेशी पर्यटक जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय कर देते हैं। इसके बाद भगवान की भव्य महाआरती होती है और इसी के साथ लीला का समापन हो जाता है।
——गोस्वामी तुलसीदास ने की थी मेले की शुरुआत
काशी के ऐतिहासिक नाग नथैया मेले की परंपरा गोस्वामी तुलसीदास से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि उन्होंने ही इस लीला की शुरुआत की थी। मेले की एक प्रमुख विशेषता काशी राजपरिवार की पारंपरिक उपस्थिति भी है। परंपरा के अनुसार, काशीनरेश के उत्तराधिकारी महाराज कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने पुत्र के साथ रामनगर दुर्ग से बड़े स्टीमर के काफिले में सवार होकर तुलसीघाट पहुंचते हैं। वे स्टीमर पर सवार होकर ही लीला की परिक्रमा करते हुए इसका दर्शन करते हैं। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप धारण किए बाल कलाकार अस्थायी कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाते हैं। पहले से प्रशिक्षित गोताखोर उन्हें अपने हाथों में लेकर गंगा में बने कालियानाग के विशाल फन पर विराजमान कराते हैं। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में कलाकार कालियानाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए दर्शन देते हैं। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि उस समय साक्षात भगवान श्रीकृष्ण प्रकट होते हैं।
——सोने की गिन्नी भेंट करने की भी है परंपरा
नाग नथैया की लीला के दौरान तुलसीघाट का पूरा वातावरण गोकुलमय हो जाता है। धार्मिक मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ भी इस अद्भुत लीला के दर्शन करने आते हैं। काशी राजपरिवार की उपस्थिति को इसी परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। लीला के समापन के बाद काशीनरेश के वंशज डॉ. अनंत नारायण सिंह परंपरानुसार आयोजन समिति के व्यवस्थापक को सोने की गिन्नी भेंट करते हैं। धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम नाग नथैया मेला हर वर्ष देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी की ओर आकर्षित करता है। यह आयोजन भगवान श्रीकृष्ण की लीला के साथ ही गंगा की निर्मलता और जल संरक्षण के संकल्प को भी जनमानस तक पहुंचाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी