वाराणसी : पप्पू चाय की अड़ी अस्सी पर जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष का अभिनंदन
—-52 बीघा नहीं वर्तमान में जो मंदिर की जमीन है उस पर ही होगा मंदिर का भव्य निर्माण : बृजेश सिंह
वाराणसी, 28 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के अस्सी स्थित पप्पू चाय की अड़ी पर रविवार को ट्रस्ट श्री जगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह, ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय का क्षेत्रीय लोगों ने अभिनंदन किया।
इस दौरान पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा की ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी का जब हम अध्यक्ष बने तभी से हमने लोगों का यह भ्रम दूर करने का प्रयास किया कि हमें 52 बीघा से कोई मतलब नहीं है। वर्तमान में जो मंदिर की जमीन मौजूद है उस पर ही भगवान जगन्नाथ का भव्य मंदिर हम लोग बनाने जा रहे हैं और इसमें पूरे काशी वासियों का हम सहयोग चाहते हैं और हमारा शुरू से यही उद्देश्य रहा है। कार्यक्रम में प्रोफेसर देवव्रत चौबे ने कहा कि जगन्नाथ मंदिर का पुनर्निर्माण अस्सी निवासी ही नहीं सभी काशीवासी चाहते हैं। लेकिन इसके निर्माण में किसी का अहित न हो हम सब ये ही चाहते हैं। आज ट्रस्ट के अध्यक्ष हम लोगों के बीच आए हम लोग उनके साथ हैं और सब की कामना है कि मंदिर जल्द से जल्द बने। वहीं, कवि अजय कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि अच्छे कार्य में मदद करना ही काशी वासियों का शुरू उद्देश्य रहा है। इस काम के लिए हम सब लोग ट्रस्ट अध्यक्ष के साथ हैं। कार्यक्रम में अरुण सिंह, सुनील कुमार मिश्र 'गुड्डू' , कुटीर महाविद्यालय के प्राचार्य राघवेंद्र पाण्डेय ने भी अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन रामयश मिश्र ,धन्यवाद ज्ञापन पुत्र मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर अशोक सिंह, शरद शुक्ला, पार्षद श्याम भूषण, ललित सिंह,दिनेश मिश्रा, शरद शुक्ला,परमेंद्र मिश्रा,उत्कर्ष श्रीवास्तव, धीरज कुमार मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा उर्फ सोनू मिश्रा, बच्चा वर्मा, आलोक राय आदि भी मौजूद रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी