संसद में प्रस्तावित ट्रांसजेंडर अधिकार संशोधन बिल 2026 को लेकर किन्नर समाज में उबाल, प्रदर्शन

 


बिल को काला कानून बता इसे वापस लेने की मांग, बनारस क्वियर-ट्रांस, किन्नर संगठन लामबंद

वाराणसी, 27 मार्च (हि.स.)। संसद में प्रस्तावित ट्रांसजेंडर अधिकार संशोधन बिल 2026 को लेकर बनारस के ट्रांस नागरिक और किन्नर समाज में नाराजगी है। शुक्रवार को किन्नर समाज की सलमा चौधरी ने पत्रकारों के समक्ष अपनी बात रखी।

सलमा ने कहा कि बताइए आप किस लिंग के हैं ये आप तय करेंगे या नरेन्द्र मोदी सरकार? ऐसा कानून जो हमारी पहचान पर नियंत्रण करे, हम नहीं मानेंगे। हम सरकार से इस बिल प्रस्ताव को जल्द से जल्द रद्द करने की मांग करते हैं। यह संशोधन ट्रांसजेंडर और जेंडर-डाइवर्स लोगों की गरिमा, स्वायत्तता और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करता है। कोमल किन्नर ने कहा कि इस भेदभावपूर्ण बिल का विरोध करेंगे। अपनी आवाज़ उठाएंगे और ट्रांस समुदाय के सम्मान, पहचान और अधिकारों के साथ आप खड़े हों। हम सभी नागरिकों, क्वीयर समुदाय, सामाजिक संगठनों और साथियों से अपील करते हैं कि वे इस संशोधन के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएँ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी