वाराणसी में तीन लड़ाकू विमानों ने प्रस्तावित एयर शो में किया रिहर्सल,विमानों की गर्जना पड़ोसी जनपद तक

 


—गंगा की लहरों के ऊपर विमानों को चक्कर काटते देख लोग रोमांचित,वीडियो बना किया वायरल

वाराणसी,11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) के नमोघाट और आसपास के घाटों के समीप गंगा नदी के मध्य धारा के ऊपर आसमान में शनिवार को तीन लड़ाकू (फाइटर जेट्स)विमानों को गर्जना के साथ चक्कर काटते देख राहगीर और शहरी ठहर से गए। विमानों की गड़गड़ाहट वाराणसी के साथ पड़ोसी जनपद चंदौली में भी गूंजती रही। विमानों की कलाबाजी दोनों जनपदों में कौतूहल का कारण बनी रही। युवा और बच्चे खुले मैदान और घरों के छतों से इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में लगातार वायरल करते रहे। हालांकि इस संदर्भ में कोई अधिकारिक बयान अपराह्न दो बजे तक नहीं आया। लेकिन माना जा रहा है कि वाराणसी में नमोघाट पर गंगा के मध्य धारा के उपर आगामी अक्टूबर माह में एयर फोर्स डे पर प्रस्तावित एयर शो के पूर्वाभ्यास का एक हिस्सा है। भारतीय वायुसेना के स्थानीय अफसर भी इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। आज के अभ्यास के लिए नमो घाट पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। एयरफोर्स के अधिकारी और जवान घाट पर सतर्क रहे। सुरक्षा कारणों से नमो घाट के फेस-2 के आगे लोगों के आवागमन को रोका गया था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच आमलोग राजघाट पुल और सड़क से एयरफोर्स के अभ्यास को देख रोमांचित होते रहे। चर्चा रही कि राफेल और सूर्य किरण फाइटर जेट्स ने यहां पूर्वाभ्यास में भाग लिया। सुबह शुरू हुआ पूर्वाभ्यास लगभग 12.30 बजे तक चला। इस दौरान फाइटर जेट अलग-अलग एंगल में उड़ान भरते हुए नमो घाट के ऊपर कई बार चक्कर लगाते दिखे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी