पुलिस बल पर फायर कर भाग रहे बदमाश को दबोचा, अवैध पिस्टल कारतूस बरामद

 

वाराणसी, 26 जून (हि.स.)। फूलपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत शुक्रवार को संदिग्ध वाहनों के चेकिंग के दौरान फायरिंग कर भाग रहे बदमाश को घेर कर पकड़ लिया। आरोपित के पास से पुलिस टीम ने एक अवैध पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान ग्राम गड़खरा, थाना सिंधौरा, जनपद वाराणसी निवासी अनिकेत कुमार सिंह पुत्र अरुण कुमार सिंह उर्फ गामा के रूप में हुई। डीसीपी गोमती जोन कार्यालय ने यह जानकारी दी। बताया गया कि मोहर्रम पर्व को देखते हुए थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों को चेक कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम नेवादा स्थित नर्मदेश्वर हॉस्पिटल के पास अवैध असलहा लेकर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर ली। यह देख युवक पुलिस बल पर फायर झोक भागने लगा। पुलिस टीम ने साहस, संयम एवं सतर्कता का परिचय देते हुए आवश्यक घेराबंदी कर उसे दौड़ा कर गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध पिस्टल कारतूस बरामद कर उसके खिलाफ थाना फूलपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि इस घटना का मोहर्रम पर्व अथवा ताजिया जुलूस से कोई संबंध नहीं है। आरोपित की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, थाना फूलपुर, का० राकेश सरोज, गौरव पाण्डेय,अमन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी