वाराणसी: ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में 25 सितंबर को वृहद रोजगार मेला,दो लाख से अधिक का सालाना पैकेज
- साक्षात्कार के उपरांत भर्ती, बायोडेटा के साथ सभी शैक्षिक दस्तावेजों के साथ शामिल हों युवा
वाराणसी,23 सितंबर(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों को निःशुल्क रोजगार देने के लिए वृहद रोजगार मेला 25 सितंबर को पूर्वांह 10 बजे से ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (टीएफसी बिल्डिंग) चांदमारी, बड़ालालपुर में आयोजित होगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के संयुक्त बैनर तले लगने वाले रोजगार मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं।
मेला प्रभारी दीप सिंह ने बुधवार को बताया कि रोजगार मेले में एडुटेक, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की विभिन्न कंपनियों द्वारा एचआर मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, अप्रेंटिसशिप, कलेक्शन ऑफिसर, रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव, असेंबली लाइन ऑपरेटर, प्रोडक्शन असिस्टेंट पुरुष आदि पदों पर साक्षात्कार के बाद भर्ती की जाएगी। विभिन्न पदों के लिए अनिवार्य शैक्षिक योग्यता हाई स्कूल, इंटर, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं बीटेक आदि हैं।
यह परीक्षा उत्तीर्ण युवा रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते है। कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए 02 लाख 20 हजार से 05 लाख 20 हजार तक सालाना पैकेज पर जॉब ऑफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को आयोजित वृहद रोजगार मेला में जनपद वाराणसी के इच्छुक बेरोजगार युवक/युवतियां अपने बायोडेटा के साथ सभी शैक्षिक दस्तावेजों की दो प्रति तथा 04 पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ प्रतिभाग कर सकते हैं।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी