वाराणसी: डंफर की टक्कर से छात्रा की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

 


वाराणसी,01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बालू लदे डंफर ने स्कूल जा रही 18 वर्षीय छात्रा को रौंद दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे डंफर चालक को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।

मृतका की पहचान बर्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी रोशनी (18) पुत्री राजेश कुमार के रूप में हुई है। रोशनी जाल्हूपुर स्थित श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, रोशनी रोज की तरह मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार बालू लदे डंफर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु कराया जा सका।

चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंफर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी