वाराणसी : सीवर जाम को लेकर धरना पर बैठे लोगों ने विधायक मुर्दाबाद के लगाए नारे
वाराणसी, 05 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी में शनिवार को खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर की सड़क पर सीवर जाम की समस्या के निस्तारण के लिए स्थानीय लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विधायक मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
धरना प्रदर्शन में बैठे लोगों के आक्रोश को देखते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने तत्काल ही जलकल विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया और उनसे सीवर जाम निष्कारण के लिए बात की। विधायक सौरभ ने कहा कि सीवर जाम की समस्या से उनके विधानसभा के लोगों को होने वाली परेशानी उनकी अपनी परेशानी है। इस समस्या का निस्तारण 12 घंटे के भीतर होना जरूरी है। साथ ही, आगे इस तरह की समस्या ना हो इसका ध्यान हमें देना है। जलकल विभाग के अधिकारी अगर 12 घंटे के भीतर समस्या का निस्तारण नहीं करेंगे तो उनकी शिकायत की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद