(अपडेट) वाराणसी में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान गिरा,मलबे में दबकर भाई-बहन की मौत
वाराणसी,24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के लहरतारा मंडुवाडीह इलाके में मंगलवार को अचानक सिलेंडर ब्लास्ट से मकान गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं,दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से बीएचयू ट्रामा सेंटर में पहुंचाया। इस बीच मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए और जांच करते हुए कार्रवाई में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, लहरतारा में स्मृतिशेष आद्या प्रसाद का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह लगभग 8 से 9 बजे के बीच परिवार के सदस्य खाना बना रहे थे। इसी दौरान घरेलू गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण जोरदार धमाका हो गया। शक्तिशाली धमाके से एक मंजिले मकान की छत और दीवारें ढह गईं। धमाके से आसपास अफरा—तफरा मच गई। मलबे में दबे घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को घटना की जानकारी देकर राहत कार्य में जुट गए। काफी प्रयास के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका। इस हादसे में आद्या प्रसाद के बेटे ओम कुमार चौधरी (30) और बेटी प्रीति चौधरी (27) की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गिरिजा देवी और एक अन्य सदस्य अमन चौधरी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू कादयान, सीएफओ आनंद सिंह राजपूत भी पहुंच गए।
इस बारे में डीसीपी वरूणा जोन ने बताया कि मंड़ुवाडीह लहरतारा में गैस रिसाव (लीकेज) के कारण हुए गैस एक्सप्लोज़न (ब्लास्ट) से एक पुराने जर्जर मकान के गिरने से बहन प्रीति और भाई ओम कुमार की मौत हुई है। वहीं दो घायल हैं। घटना के बाद मौके पर तत्काल थाना मण्डुवाडीह पुलिस, फील्ड यूनिट, बीडीडीएस की टीम व समस्त संबंधित उच्चाधिकारी पहुंच गए हैं। दो घायलों में गिरिजा देवी व अमन कुमार चौधरी फिलहाल ठीक हैं व दोनों को बर्न इंजरी हुई हैं। बीडीडीएस व फील्ड यूनिट को तफ्तीश करने के उपरान्त मौके से 2 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं, जो की घर की मुखिया गिरिजा देवी के नाम रजिस्टर्ड/जारी हैं। उपरोक्त घटना गैस सिलेंडर पर खाना बनाने के दौरान हुए गैस रिसाव (लीकेज) के कारण गैस एक्सप्लोज़न की थर्राहट से घटित हई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी