वाराणसी: श्री शनिदेव की जयंती पर काशी विश्वनाथ मंदिर के नवग्रह मंडप में रूद्राभिषेक
वाराणसी,16 मई (हि.स. )। ज्येष्ठ माह के कृष्णपक्ष की अमावस्या पर शनिवार को धर्म नगरी काशी में श्री शनिदेव की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। श्री शनि जयंती पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंडप में विराजमान भगवान शनि को समर्पित शिवलिंग का श्रद्धापूर्वक रुद्राभिषेक किया गया।
इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान शनि की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर न्यास के अनुसार मंदिर में विराजमान भगवान शनि की प्रतिमा का विधिवत पूजन कर समस्त जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की गई। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शनि का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।
शनिदेव की जयंती पर ही मैदागिन स्थित संकटहरण शनिदेव मंदिर को सजाने के साथ शनिदेव के विग्रह का विधिवत श्रृंगार किया गया। भोग आरती के बाद मंदिर में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
बताते चलें कि, ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को शनिदेव की जयंती मनाई जाती है। न्याय के देवता शनि देव को समर्पित इस दिवस पर उनकी पूजा-उपासना करने से माना जाता है कि शनि दोष कम लगता है। साढ़ेसाती और ढैय्या का प्रभाव कम होता है, जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी