वाराणसी के पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने सावन माह की तैयारियों को मौके पर पहुंच कर परखा

 


-अफसरों ने कांवरिया लेन गुड़िया ठठरा, मिर्जामुराद, मोहन सराय, जगतपुर, रोहनिया और चांदपुर मार्ग पर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया

वाराणसी, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में सावन माह की प्रशासनिक तैयारियां जोर—शोर से चल रही हैं। सावन में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी जिला प्रशासन ने व्यवस्था को मूर्तरूप दे दिया है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वाराणसी-प्रयागराज कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने कांवड़िया लेन के लिए गुड़िया ठठरा, मिर्जामुराद, मोहन सराय, जगतपुर, रोहनिया और चांदपुर सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थलों तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह समतल और गड्ढामुक्त रहे। उन्होंने स्वयं मार्ग का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव वाले स्थानों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं विद्युत विभाग को खुले एवं जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर देते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी निगरानी तथा यातायात संचालन के लिए सुविचारित डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, एडीएम सिटी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी