सत्य निकेतन हादसे से काशी मर्माहत, घायलों की सलामती के लिए सात बार पढ़ी हनुमान चालीसा

 


वाराणसी, 06 सितंबर (हि.स.)। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मोती बाग स्थित सत्य निकेतन में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे से धर्म नगरी काशी भी मर्माहत है। हादसे में तीन छात्रों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर के बाद घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा मलबे में फंसे लोगों की सकुशलता के लिए वाराणसी में विशेष प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गिलट बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में कांग्रेस नेता विकेश सिंह टोनी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना और सामूहिक प्रार्थना की। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ सात बार हनुमान चालीसा का पाठ किया।

हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने हादसे में घायल छात्रों एवं अन्य लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना की गई कि मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।

श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ से भी विशेष प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने और उन्हें सकुशल उनके परिजनों के बीच पहुंचाने की कामना की। साथ ही पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने के लिए भी प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर विकेश सिंह टोनी ने कहा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में हुई घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में हम सभी को पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। इसी भावना के साथ गिलट बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने और सभी के सुरक्षित रहने की प्रार्थना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी