श्री यमुनाचार्य जी महाराज की 14 वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम मंगलवार को - सतुआ बाबा
वाराणसी, 23 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जगद्गुरु विष्णुस्वामी संप्रदायाचार्य संतोषाचार्य महाराज सतुआ बाबा ने सोमवार को बताया कि वाराणसी में मणिकर्णिका घाट स्थित श्री सतुआ बाबा आश्रम में 24 नवंबर मंगलवार को सुबह दस बजे से गौलोकवासी अनंतश्री विभूषित विष्णुस्वामी संप्रदायाचार्य श्री यमुनाचार्य जी महाराज (षष्ठ सतुआ बाबा) की 14 वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एकत्रित होने वाले लोगों की ओर से यमुनाचार्य जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित किया जाएगा।
संतोषाचार्य महाराज सतुआ बाबा ने बताया कि श्री यमुनाचार्य जी महाराज की 14 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आश्रम में वैष्णवाराधन भंडारा आयोजित है। जिसमें साधु संतों के साथ में शहर के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। पुण्यतिथि कार्यक्रम में भंडारा अपराह्न तक चलता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद