सरदार पटेल का जीवन और उनके विचार हर भारतीय के लिए राष्ट्रसेवा की अमर प्रेरणा हैं - डॉ दयाशंकर मिश्र

 


वाराणसी, 31 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महानगर इकाई ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पावन जयंती के अवसर पर मलदहिया चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में उपस्थित होकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर याेगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के अखंडता के महान सूत्रधार थे। देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने जिस अखंड और सशक्त भारत की नींव रखी, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज देश नए शिखरों को छू रहा है। सरदार पटेल का जीवन और उनके विचार हर भारतीय के लिए राष्ट्रसेवा की अमर प्रेरणा हैं।

कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का ही परिणाम है कि आज हम एक एकात्म भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए। आज के युवाओं को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर सरदार पटेल के योगदान को नमन करते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आत्मा विश्वेश्वर, प्रमील पाण्डेय, अशोक पाण्डेय, राकेश जायसवाल, विकास बागी, कुंवरकांत सिंह, विवेक पाण्डेय, सत्येंद्र सिंह, प्रज्ञा पाण्डेय, स्वास्तिक श्रीवास्तव, दिनेश सिंह दीनू, मनोज सोनकर, अशोक सेठ, राजेंद्र सिंह पटेल, सोभनाथ मौर्य, रचना अग्रवाल, योगेश वर्मा, रत्ना वर्मा, पीयूष अग्रवाल, हीरा यादव, सुमित मिश्रा, अभिषेक श्रीवास्तव, जगन्नाथ ओझा, शंभू पटेल, शिवशंकर मिश्रा, गोपाल जायसवाल सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद