वाराणसी में 1.49 करोड़ से संवरेगा सदभावना पार्क, विधायक ने किया शिलान्यास
—छावनी क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद
वाराणसी, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी छावनी क्षेत्र स्थित सद्भावना पार्क के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लगभग एक करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से पार्क का कायाकल्प किया जाएगा। रविवार को विकास कार्य के शिलान्यास के साथ लंबे समय से पार्क के बेहतर विकास की उम्मीद जगी है। पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी कैंट के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना से किया। इसके बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ और निवर्तमान पार्षद शैलजा श्रीवास्तव एवं रोहित गुप्ता ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया।
इस अवसर पर कैंट विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा के नेतृत्व में वाराणसी समेत पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और शहर के सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि सद्भावना पार्क का विकास भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पार्क के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार से आसपास के नागरिकों को बेहतर वातावरण मिलेगा और क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
1.49 करोड़ से बदलेगा पार्क का स्वरूप
सद्भावना पार्क का विकास मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कराया जा रहा है। परियोजना के लिए 1.49 रूपये करोड़ की लागत निर्धारित की गई है। प्रस्तावित कार्यों के तहत पार्क के पुराने एवं जर्जर हिस्सों को हटाकर नए सिरे से विकास किया जाएगा। कार्य योजना में पुराने ईंट के निर्माण, सीमेंट-कंक्रीट तथा स्टोन स्लैब फ्लोरिंग को हटाने के साथ विभिन्न सिविल निर्माण कार्यों का प्रावधान है। शिलान्यास कार्यक्रम में छावनी बोर्ड के सीईओ विशाल सारस्वत, अजय कुशवाहा,जूनियर इंजीनियर सचिन, भाजपा के विधानसभा संयोजक अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी