वाराणसी : बरेका में रेलवे सुरक्षा बल का 42वां स्थापना दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया

 


-साहस, सेवा और संकल्प’ के साथ रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ़) कर्मियों ने दिया सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वाराणसी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की संरक्षा एवं रेल व्यवस्था में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ़) का 42वां स्थापना दिवस रविवार को बरेका परिसर में मनाया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल ने बरेका में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आरपीएफ़ अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने ‘रन फॉर यूनिटी’, योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया, वहीं योग कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं शारीरिक-मानसिक फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया गया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए रेल सुरक्षा बल के अफसरों व जवानों ने बैरक परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित रेल सुरक्षा बल सदस्यों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत बैरक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। इसके माध्यम से स्वच्छ परिसर, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

बताते चलें कि 20 सितंबर 1985 को रेलवे सुरक्षा बल को संघ के सशस्त्र बल का दर्जा प्रदान किए जाने के साथ वर्तमान स्वरूप मिला। रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम, 1957 में संशोधन के बाद यह प्रावधान 20 सितंबर 1985 से प्रभावी हुआ। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ़) का दायित्व रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों एवं यात्री क्षेत्र की सुरक्षा से भी जुड़ा है।

स्थापना दिवस के कार्यक्रम में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, सहायक सुरक्षा आयुक्त सहित रेल सुरक्षा बल के निरीक्षक एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी