वाराणसी रोपवे परियोजना का 94.35 फीसदी काम पूरा, 25 सितंबर तक मेजर फिनिशिंग कार्य पूरे करने के निर्देश

 


वाराणसी, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कैंट से गोदौलिया तक बन रही 3.85 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना का 94.35 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शुक्रवार शाम मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने परियोजना के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कैंट स्टेशन पर कंसेशनायर के कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं होने पर नाराजगी जताई और सभी प्रमुख फिनिशिंग कार्य 25 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने एफओबी और शिखर से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के साथ एस्केलेटर, लिफ्ट और रेलिंग की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बैगेज स्कैनर और डीएफएमडी (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) की स्थापना को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

विद्यापीठ स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉर्म वाटर इंटरकनेक्शन का कार्य 15 सितंबर तक पूरा करने को कहा। इसके साथ ही टीओएम/टीवीएम की टेस्टिंग और पेवर्स का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

रथयात्रा स्टेशन पर मंडलायुक्त ने जलकल विभाग से समन्वय स्थापित कर सीवर और वाटर लाइन के इंटरकनेक्शन का काम 15 सितंबर तक पूरा कराने को कहा। वहीं, गिरजाघर स्टेशन पर लाइटिंग और फसाड का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

गोदौलिया स्टेशन के निरीक्षण के दौरान डी-बोर्डिंग और बोर्डिंग साइड से संबंधित कार्यों को 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एनएचएलएमएल की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा और कंसेशनायर के परियोजना निदेशक एस. सुब्बा राव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि रोपवे परियोजना पूरी होने के बाद इसका संचालन प्रतिदिन करीब 16 घंटे किया जाएगा। इसकी क्षमता प्रति दिशा 3,000 यात्रियों प्रति घंटे की होगी। परियोजना के शुरू होने के बाद कैंट से गोदौलिया तक का सफर करीब 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी