वाराणसी में नवम्बर तक रोपवे परियोजना पूरी होने की उम्मीद, कमिश्नर ने निर्माण कार्यो का लिया जायजा
— रोपवे परियोजना में अलाइनमेंट चेक का कार्य,बोर्डिंग-डिबोर्डिंग कार्य निर्माणाधीन
वाराणसी, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रोपवे परियोजनाओं में आर्ट वर्क एवं फिनिशिंग कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर एस.राजलिंगम ने रोपवे परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं से परियोजनाओं के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने गोदौलिया एवं गिरजाघर रोपवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य रोपवे स्टेशनों पर कार्य प्रगति, आर्ट वर्क एवं फिनिशिंग कार्यों का भी जायजा लिया। मंडलायुक्त ने रोपवे परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोदौलिया, गिरजाघर सहित अन्य सभी रोपवे स्टेशनों के समस्त कार्यों को शीघ्रतापूर्वक एवं जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान कमिश्नर ने कहा कि रोपवे परियोजनाएं वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ शहर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। परियोजना के निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं एवं कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। मण्डलायुक्त ने रथयात्रा स्टेशन पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया । बताया गया कि गोदौलिया स्टेशन पर बोर्डिंग-डिबोर्डिंग के लिए कार्य निर्माणाधीन है। गिरिजाघर स्टेशन पर कंट्रोल रूम का कार्य प्रगति पर है, जिसको जल्द पूरा किया जाएगा।
गौरतलब है कि वाराणसी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना के अंतर्गत कैंट स्टेशन से रथयात्रा तक कार्य पूरा हो चुका है। वहां से आगे के स्टेशनों पर अलाइनमेंट चेक का कार्य प्रगति पर है। परियोजना को नवंबर तक पूरा करने के लिए कार्यो को रफ्तार दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान वाराणसी रोपवे की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा एवं रोपवे के अन्य सभी अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी