वाराणसी : बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे बाइक सवार पिता को एंबुलेंस ने मारी टक्कर, मौत
वाराणसी, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात एंबुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
सिरसा (लोहता) निवासी अभिषेक कुमार उपाध्याय उर्फ राहुल (35), पुत्र प्रमोद उपाध्याय सुबह अपने बच्चे को छितौनी स्थित स्कूल छोड़कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छितौनी स्थित देववाणी इंटरमीडिएट कॉलेज के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में अभिषेक आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। लोहता थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात एंबुलेंस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी