रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण में बालिकाओं को प्रशिक्षित करने के लिए रखे जाएंगे योग्य ट्रेनर : डीआईओएस

 


—प्रशिक्षण के लिए ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित

वाराणसी, 12 अगस्त (हि.स.)। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत वाराणसी जनपद के चयनित 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को तीन माह तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि बालिकाओं को प्रशिक्षण देने के लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट प्राप्त योग्य प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, वाराणसी से निर्धारित आवेदन प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षक पद के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, वाराणसी में जमा कर सकते हैं।

प्रशिक्षण पूरा कराने के बाद संबंधित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा चयनित प्रशिक्षक को प्रति माह 5,000 रुपये की दर से मानदेय दिया जाएगा। तीन माह के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षक को अधिकतम 15,000 रुपये मानदेय प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी