रंगभरी एकादशी: श्री काशी विश्वनाथ धाम में पंचबदन प्रतिमा सहित देवी-देवताओं की विधिवत प्रतिष्ठा

 


वाराणसी, 23 फरवरी (हि.स.)। रंगभरी एकादशी के पूर्व श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में सोमवार को मंदिर न्यास की पहल पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। बाबा विश्वनाथ के गौना उत्सव के पूर्व बाबा विश्वेश्वर के पंचबदन रजत प्रतिमा के साथ माता पार्वती तथा बाल स्वरूप भगवान श्री गणेश के प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थित श्री लक्ष्मी नारायण भगवान के विग्रह के समीप नव-निर्मित कक्ष में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत् प्रतिष्ठा संपन्न की गई।

संपूर्ण अनुष्ठान आचार्यों के मार्गदर्शन में शास्त्रीय परंपरा के अनुरूप संपन्न हुआ। पूजन के पहले प्रतिमा को विधिपूर्वक पुष्पों और रुद्राक्ष की मालाओं से अलंकृत किया गया। इसके बाद श्रद्धा के साथ पूजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पावन अवसर पर दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर न्यास के अनुसार यह आयोजन धार्मिक आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने के लिए किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी