राजघाट पुल पर पुलिसकर्मियों की तत्परता से गंगा में कूदने वाले युवक की बची जान
वाराणसी, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट स्थित मालवीय पुल पर मंगलवार को पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। युवक को गहरे पानी में डूबता देख पुल के नीचे बाढ़ राहत ड्यूटी में तैनात 36वीं वाहिनी रामनगर पीएसी के जवानों ने तत्काल नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मियों की तत्परता से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, निखिल सिंह किसी पारिवारिक विवाद से परेशान था। इसी तनाव में उसने राजघाट पुल से गंगा में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह तेज बहाव के बीच गहरे पानी की ओर जाने लगा। पुल के नीचे ड्यूटी पर तैनात 36वीं वाहिनी रामनगर पीएसी की बी दल (बाढ़ राहत दल) के मुख्य आरक्षी अनिल सिंह, आरक्षी कमलेश यादव और आरक्षी आशीष राम की नजर युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तीनों जवानों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक के बाहर आने के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसकी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके पर बुलाया। हालांकि, मानसिक तनाव में होने के कारण निखिल पत्नी के साथ जाने को तैयार नहीं था और लगातार जिद पर अड़ा रहा। स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल आदमपुर थाना प्रभारी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और युवक की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने युवक से सहानुभूतिपूर्वक बातचीत कर उसे समझाया और काउंसलिंग के बाद सुरक्षित रूप से अपने साथ थाने ले गए। पुलिस के अनुसार, युवक के संबंध में आवश्यक विधिक एवं पारिवारिक परामर्श की कार्रवाई की जा रही है।
युवक की जान बचाने वाले मुख्य आरक्षी अनिल सिंह, आरक्षी कमलेश यादव और आरक्षी आशीष राम की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी सराहना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी