गुरु रविदास मंदिर के महंत को पूजनीय श्री गुरु जी पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे दत्तात्रेय होसबाले

 


—14 फरवरी को संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले देंगे सम्मान

वाराणसी, 05 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) वाराणसी स्थित गुरु रविदास मंदिर के महंत भारत भूषण को पूजनीय श्री गुरु जी पुरस्कार 14 फरवरी को देगा। यह पुरस्कार पुणे में आयोजित कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले खुद प्रदान करेंगे। महंत भारत भूषण को सामाजिक समरसता के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्य पर यह पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार में एक लाख रुपए की राशि , प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह शामिल है।

गुरूवार को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महंत भारत भूषण को निमंत्रण सौंपा गया। निमंत्रण लेकर जन कल्याण समिति,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ , महाराष्ट्र प्रांत के उपाध्यक्ष विश्वनाथ जालनापूरकर, निधि प्रमुख प्रमोद क्षीरसागर, संघ के काशी प्रांत के सहप्रांत कार्यवाह प्रो. राकेश तिवारी व काशी विभाग के विभाग कार्यवाह राजेश विश्वकर्मा संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरू मंदिर पहुंचे।

महंत भारत भूषण को आंमत्रित करने के बाद विश्वनाथ जालनापूरकर ने बताया कि वर्ष 1972 में महाराष्ट्र में आए अकाल में लोगों की सेवा के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जनकल्याण समिति की स्थापना हुई थी। वर्तमान में इस समिति के चार रक्त बैंक, एक अस्पताल,कई अन्य सेवा कार्य चल रहे हैं। इस समिति ने 20,000 के लगभग सेवा कार्य संघ की अनुषांगिक संगठन सेवा भारती को सौंपा गया है। 1996 से आयोजित पूजनीय श्री गुरुजी पुरस्कार में कृषि, अनुसंधान एवं समाज प्रबोधन के संदर्भ में काम करने वाले विशिष्ट लोगों को प्रतिवर्ष यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस वर्ष सामाजिक समरसता के लिए महंत भारत भूषण का चयन किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी