नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद वाराणसी में पुलिस सतर्क, औद्योगिक क्षेत्रों में अफसर डटे
—नाटीईमली श्रम कार्यालय और चौकाघाट सेवायोजन कार्यालय पर पुलिस बल तैनात
वाराणसी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद विभिन्न मांगों को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन को लेकर गुरूवार को वाराणसी में पुलिस अफसर सतर्क रहे। वाराणसी के तीनों औद्योगिक क्षेत्रों रामनगर, चांदपुर और करखियाव के अलावा शहरी क्षेत्र के नाटीईमली चौराहे के समीप श्रम कार्यालय, चौकाघाट स्थित सेवायोजन कार्यालय पर भी अफसर फोर्स के साथ डटे रहे। हालांकि जिले में श्रमिकों के संगठनों ने अपराह्रन तक विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ा जुलूस नहीं निकाला था।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने पत्रकारों को बताया कि कतिपय श्रमिक संगठनों ने आज वाराणसी के श्रम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की बात कही थी। इन संगठनों के पदाधिकारियों से पहले ही वार्ता की गई। उनसे कहा गया कि यदि उनकी कोई मांगपत्र है,तो वे अपना ज्ञापन हमें या प्रशासन के अफसरों को दे दें। फिलहाल किसी भी संगठन द्वारा विरोध प्रदर्शन की सूचना नही है। एहतियातन पुलिस बल तैनात है। गौरतलब है कि बीते 13 अप्रैल को वेतन बढ़ाने की मांग और वीक ऑफ़ को लेकर नोएडा की कई कारखानों में श्रमिकों ने हड़ताल कर दी थी। श्रमिक संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया था। जिसमें पुलिस ने कई कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, इस दौरान भीड़ ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया था। नोएडा में उग्र प्रदर्शन को अंजाम देने वालों और उकसाने वालों पर पुलिस अफसरों की निगाहें टिकी हुई हैं ।----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी