जीडीपी में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम स्थान दिलाने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी : सुरेश खन्ना

 

—सीएम डैशबोर्ड के आधार पर वाराणसी में विकास कार्यों की समीक्षा

वाराणसी, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में जनपदों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जीडीपी में प्रदेश को सर्वोच्च स्थान दिलाने के लिए सभी विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा।

शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों के आधार पर जनपद में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार ने 30 विभागों की 85 योजनाओं की प्रगति तथा वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में जनपद के योगदान पर प्रस्तुतीकरण दिया। बताया गया कि 65 योजनाओं को ‘ए प्लस’ ग्रेड प्राप्त हुआ है और जनपद की समग्र रैंक 40 है।

प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया की विस्तृत जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लाभार्थियों को पूर्ण सब्सिडी मिली हो। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना की प्रगति पर जिलाधिकारी को व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करने को कहा गया।

बैठक में पीएम कुसुम योजना, डे-एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा मनरेगा के अंतर्गत भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने मनरेगा श्रमिकों को शत-प्रतिशत समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन में जनपद को प्रथम स्थान दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि इसे जनांदोलन का रूप दिया जाए, ताकि व्यापक स्तर पर स्वच्छता सुनिश्चित हो और नागरिक निरोगी रहें।

मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई। बैठक में अवगत कराया गया कि कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत अब तक 87,052 लाभार्थियों को 19.89 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 818 के लक्ष्य के सापेक्ष 957 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत 535 के लक्ष्य के सापेक्ष सभी 535 स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनपद का योगदान प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में प्रभावी रहेगा।

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी