वाराणसी एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री के पास से बरामद हुआ प्रतिबंधित सेटेलाइट फोन

 

वाराणसी, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को एक विदेशी यात्री के पास प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिलने पर हड़कम्प मच गया। सुरक्षा एजेंसियों के अफसरों ने यात्री से प्रारंभिक पूछताछ के उपरांत विदेशी को फूलपुर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस उपायुक्त ( डीसीपी) गोमती ज़ोन कार्यालय के अनुसार लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान यात्रियों की नियमित सुरक्षा जांच कर रहे थे। इसी दौरान लूशान, स्विट्जरलैंड निवासी आंद्रे सायरिल न्यूवेंसवांडर (34)के बैग से एक प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विदेशी यात्री अपनी महिला मित्र के साथ भारत भ्रमण पर है। वह वाराणसी भ्रमण के बाद एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-696 से मुंबई जाने वाला था।

विदेशी से प्रारंभिक पूछताछ के उपरांत उसे थाना फूलपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो, उत्तर प्रदेश एटीएस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उससे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कोई संदिग्ध तथ्य प्रकाश में नहीं आया। इसके बाद बरामद सैटेलाइट फोन को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। तथा नियमानुसार पूछताछ के बाद विदेशी नागरिक को छोड़ दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी