वाराणसी पुलिस की सक्रियता से बची रांची के चंदन की जान, राजघाट पुल से गंगा में छलांग लगाने पहुंच गया
—युवक के बड़े भाई ने एसीपी कोतवाली से भाई को बचाने की लगाई थी गुहार
वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार को पुलिस की सक्रियता से रांची के एक युवक की जान बच गई। युवक बढ़ियाई गंगानदी में कूदने के लिए राजघाट पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया था। पुलिस ने समय रहते युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित पुल से नीचे उतारा और परिजनों को भी इसकी सूचना दी।
घटनाक्रम के अनुसार, रांची (झारखंड) निवासी चंदन कुमार, पुत्र सुरेश प्रसाद मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या के इरादे से वाराणसी के राजघाट स्थित मालवीय पुल के रेलवे ट्रैक पर चढ़ गया। इसके बाद वहां से उसने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाकर अपने भाई को रांची भेजा और बताया कि कुछ ही देर में आत्महत्या कर लेगा। वीडियो देखते ही चंदन के भाई के होश उड़ गए। उसने बिना समय गंवाए वाराणसी के एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह से संपर्क कर भाई को बचाने की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी कोतवाली तत्काल हरकत में आए। उन्होंने सूजाबाद चौकी पुलिस को तुरंत मौके पर रवाना किया। सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय अपने सहयोगियों के साथ मालवीय पुल के रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां चंदन कूदने की तैयारी में थे। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक की काउंसलिंग की और सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा और अपने साथ चौकी ले आए। पुलिस चौकी में चंदन की काउंसलिंग की जा रही है। तथा उनके परिजनों को वाराणसी बुलाया गया है। चंदन की जान बचने पर उसके भाई ने एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय तथा संपूर्ण कमिश्नरेट पुलिस का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी