पुलिस कमिश्नर ने 04 उप निरीक्षक व 04 अन्य कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने पर दी भावभीनी विदाई
वाराणसी, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस कार्यालय कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के सम्मान में मंगलवार को भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उप निरीक्षक जंग बहादुर यादव (ज्ञानवापी सुरक्षा), उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह (पुलिस लाइन), उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), उप निरीक्षक शशि कुमार कुँवर (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न प्रसाद (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी सुमन कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), स्वीपर सीता देवी (पुलिस लाइन) व अर्दली प्यून उमेश चन्द्र पाण्डेय (पुलिस लाइन) को उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया और भावभीनी विदाई दी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सेवानिवृत सभी कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिचय देते हुए विभाग की गरिमा को सदैव ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। इनका योगदान पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर सेवानिवृत कर्मियों को स्मृति चिन्ह एवं फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी