वाराणसी पटाखा कारखाना विस्फोट कांड का मुख्य आरोपित राजू खान मुठभेड़ में गिरफ्तार
वाराणसी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पटाखा कारखाना विस्फोट कांड के मुख्य आरोपित राजू खान को सारनाथ पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान एक गोली सब इंस्पेक्टर अमरजीत की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूकर निकल गई।
डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि नमोघाट पर एयर शो के मद्देनजर पुलिस देर रात सरायमोहाना इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को झाड़ियों में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध के पैर में गोली लगी, वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित की पहचान पैगंबरपुर निवासी राजू खान के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, राजू के मकान में अवैध रूप से पटाखा बनाने और उन्हें जमा करने का काम किया जा रहा था। इसी मकान में हुए विस्फोट के कारण उसकी पत्नी चांदनी, बेटा आदिल और बेटी अरबिया झुलस गए थे। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो मंजिला मकान में चल रहा था अवैध पटाखा कारखाना
बताया गया कि करीब 450 वर्ग फुट क्षेत्रफल में बने दो मंजिला मकान के पिछले हिस्से में राजू का परिवार रहता था। मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए और रखे जाते थे। विस्फोट के बाद राजू खान ने पड़ोसियों को बताया था कि सिलेंडर में विस्फोट होने से मकान गिर गया। हादसे के बाद वह अपनी मां के साथ फरार हो गया था। घटना के बाद से ही सारनाथ पुलिस राजू खान और उसकी मां की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस, आईबी और बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
डीसीपी वरुणा जोन ने विस्फोट के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित क्षेत्रीय चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घनी आबादी के बीच महज छह फुट चौड़े रास्ते पर स्थित मकान में अवैध पटाखा कारखाना संचालित होने की जानकारी पुलिस चौकी को पहले से थी। पड़ोसियों के मुताबिक, शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचती थी लेकिन औपचारिक कार्रवाई कर लौट जाती थी। आरोप है कि इसके बाद राजू खान पड़ोसियों को धमकाता था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी