वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुरक्षा का ग्रैंड रिहर्सल, रूट नो फ्लाई जोन घोषित

 


— ब्रीफिंग के बाद रूफ टॉप ड्यूटी भी लगाई गई, सीसीटीवी और सर्विलांस से निगरानी

वाराणसी, 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार से दो दिवसीय वाराणसी दौरे के मद्देनजर सोमवार को जिले में सुरक्षा का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और नगर में भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई।

पुलिस कमिश्नर ने पुलिस बल को सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं प्रोटोकॉल अनुपालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन प्लान प्रभावी रखने और आमजन की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों पर यातायात संचालित करने की खासतौर पर हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि वीवीआईपी के सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण सतर्कता एवं शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी, कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने ड्यूटी कार्ड एवं आई-कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करेंगे। आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य राहत वाहनों को निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी परिस्थिति में इन वाहनों को रोका न जाए, ताकि त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पीएम के रूट को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। सीसीटीवी और सर्विलांस से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन उड़ाने पर रोक है। कार्यक्रम स्थल के आसपास क्षेत्रों एवं वीवीआईपी मार्ग पर रूफ टॉप ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों द्वारा सतत निगरानी की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर के अनुसार, वीवीआईपी कार्यक्रम में सम्मिलित अतिथियों के लिए अस्थायी पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसी भी दशा में वीवीआईपी मार्ग पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम स्थल एवं मार्ग पर भीड़ नियंत्रण के लिए अधिकारी अपने साथ लाउड हेलर एवं पीए सिस्टम रखेंगे इसके लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश केवल प्रॉपर चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के बाद दिया जाएगा। वीवीआईपी मार्ग पर भी सुरक्षा दृष्टि से सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान संचालित रहेगा। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने साथ पर्याप्त संख्या में रस्से रखेंगे तथा कार्यक्रम स्थल व मार्ग पर भीड़ नियंत्रण एवं बैरिकेडिंग व्यवस्था के लिए इसका उपयोग होगा। सभी पुलिस कर्मी अच्छे टर्न-आउट में निर्धारित समय से ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें, साथी कर्मियों की पहचान सुनिश्चित करें तथा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

प्रभारी राजपत्रित अधिकारी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दें, ताकि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दक्षता एवं सक्षमता से कर सके।

आमजनमानस के साथ विनम्र, शालीन एवं संयमित व्यवहार रखें। महिलाओं की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा ही सुनिश्चित की जाएगी। अन्तिम पूर्वाभ्यास और ब्रीफिंग में अपर पुलिस महानिदेशक तरुण गाबा, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित कमिश्नरेट वाराणसी, वाह्य जनपदों, पीएसी व अर्धसैनिक बलों के अफसर शामिल रहे। इसके पहले हेलीकाप्टर की ट्रायल लैंडिंग हुई।

बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री को लाने वाले वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और बरेका मैदान के पास ट्रायल लैंडिग की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी