क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया कार्यालय में परखी तैयारियां, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

 


वाराणसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में पहली बार आयोजित वायुसेना के एयर शो का नजारा देखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को शहर में आएंगे। प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन पर उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में भाजपा जुट गई है। प्रधानमंत्री के स्वागत को यादगार बनाने के लिए शहर और जिले में 13 स्वागत बिंदु निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने के लिए संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री के आगमन, प्रस्तावित कार्यक्रमों और स्वागत की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में व्यवस्था टोली की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी में एयर शो का आयोजन यहां के लोगों के लिए गौरव का विषय है। पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए 25 अक्टूबर को काशी आ रहे हैं। ऐसे में उनके स्वागत की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

—13 स्वागत बिंदुओं पर दिखेगी काशी की सांस्कृतिक पहचान

क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए कुल 13 बिंदु बनाए गए हैं। इन स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काशीवासी भी उत्साहपूर्वक स्वागत करेंगे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के माध्यम से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही भारतीय संस्कृति को दर्शाते संगीत और नृत्य कार्यक्रमों के जरिए काशी की परंपरा और सांस्कृतिक पहचान प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वागत के निर्धारित बिंदुओं में आठ पर वाराणसी महानगर के कार्यकर्ता और चार पर जिले के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। स्वागत कार्यक्रमों में भाजपा के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। पुलिस लाइन गेट पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी।

——प्रोटोकॉल से पार्किंग तक, जिम्मेदारियों का बंटवारा

बैठक में प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों और कार्यों की जिम्मेदारी चुनिंदा कार्यकर्ताओं को सौंपी गई। इनमें प्रोटोकॉल, वाहन व्यवस्था, शहर की साज-सज्जा, बैनर-होर्डिंग, मीडिया, सामाजिक माध्यम एवं सूचना प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, पार्किंग और स्वागत से जुड़े प्रमुख दायित्व शामिल हैं। अशोक चौरसिया ने व्यवस्था प्रमुखों से कहा कि वे अपनी-अपनी टीम के साथ तत्काल काम में जुट जाएं और निर्धारित जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान स्वागत कार्यक्रम व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल ने दिया। बैठक में क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अजीत रावत, डॉ. उत्तम ओझा, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, शैलेश पांडेय, डॉ अशोक राय,संजय सोनकर, अरविंद पांडेय आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी