प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमोघाट तक जगह-जगह स्वागत केंद्र, गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत

 


25 अक्टूबर को एयर शो में शामिल होंगे प्रधानमंत्री

वाराणसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। देश के प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे। प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गई है। प्रधानमंत्री के स्वागत में पुलिस लाइन से नमोघाट तक जगह-जगह स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। यहां ढोल-नगाड़ों की गूंज, डमरू दल के वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक नृत्य के बीच ‘जयश्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से काशी का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बनाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री के यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया जाएगा।

बुधवार शाम पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं काशी वासी निर्धारित स्वागत केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। इन स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। ढोल-नगाड़े, डमरू दल और शंखनाद के साथ ‘जयश्रीराम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष होंगे। स्वागत केंद्रों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से पीएम का अभिनन्दन किया जायेगा। कार्यकर्ताओं को स्वागत की जिम्मेदारी सौंपते हुए पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बनाने की योजना तैयार की है।

——इन स्थानों पर बनाए गए स्वागत केंद्र

अशोक चौरसिया के अनुसार, प्रधानमंत्री के स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड यस बैंक के सामने, हुकुलगंज त्रिमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान और नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। नमोघाट पर भी स्वागत की विशेष व्यवस्था रहेगी। इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता काशी वासियों के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत में जुटेंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने की तैयारी है।

——दोपहर दो बजे एयर शो समाप्त होने के बाद दिल्ली रवाना होंगे प्रधानमंत्री

अशोक चौरसिया ने बताया कि नमोघाट पर आयोजित एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा ने स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी