(अपडेट) भाजपा संगठन काशी क्षेत्र के 31,168 बूथों पर मनी पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती
वक्ता बोले—पं.दीनदयाल का चिंतन और विचार हम सबके लिए प्रेरणास्रोत
वाराणसी, 25 सितम्बर (हि.स.)। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर विचारक एवं पथ प्रदर्शक पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर शुक्रवार को भाजपा काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के 337 मंडलों में 31,168 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी के नेताओं ने बूथों पर पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। पार्टी की योजनानुसार बूथों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय में स्थापित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन और विचार सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने, सभी की प्रगति और विकास के लिए एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। इस दर्शन का मूल भाव समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया। आज केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए कार्य कर रही हैं।
——प्रारम्भ में स्वच्छता, इसके बाद पौधरोपण
जयंती कार्यक्रम से पहले रोहनिया स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने पूरे परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इसके बाद परिसर में पौधरोपण किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय,अनिल श्रीवास्तव,अनूप जायसवाल, अनिल गुप्ता, वीरभद्र सिंह, देवेंद्र मौर्या, संतोष सोलापुरकर, प्रदीप प्रजापति, इंद्रभूषण कुशवाहा, विशाल,राजबहादुर राजभर, वीरेंद्र सिंह आदि ने भागीदारी की।
—स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन किया
स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर के बैनर तले छावनी क्षेत्र स्थित विद्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई। एकात्मवाद, अंत्योदय , स्वावलंबन से राष्ट्र प्रेम एवं आत्मनिर्भरता विषय पर बच्चों से सरल भाषा में कविता मालवीय ने संवाद किया। 150 से अधिक विद्यार्थियों सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य राज बहादुर यादव, शिक्षक कृष्णा पांडेय, कवि शंकर , कैलाश , प्रियंका सिंह, मंच के काशी जिला पूर्ण कालिक प्रेम सिंह ,कार्यालय प्रभारी राधे श्याम , महानगर महिला प्रमुख रीना सिंह आदि ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी