वाराणसी के व्यस्ततम पांडेयपुर चौराहे की बदलेगी सूरत, जाम से राहत मिलने की उम्मीद

 


वाराणसी, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के सर्वाधिक व्यस्त चौराहों में शामिल पांडेयपुर की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) चौराहे के पुनर्विकास की तैयारी में जुट गया है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों के साथ पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौराहे के समीप स्थित डिवाइडर हटाने तथा सड़क पर ऑटो के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए अलग ऑटो स्टैंड चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑटो के लिए निर्धारित स्थान बनने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक सुगम हो सकेगा। नगर आयुक्त ने नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर चौराहे के सुंदरीकरण एवं पुनर्विकास की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने समयबद्ध ढंग से योजना को धरातल पर उतारने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह तथा पीडब्ल्यूडी के अभियंता मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी