(अपडेट) 'हर साल एक ही गड्ढा न खोदें, विकसित पंचायत की ओर बढ़ें' : कमलेश पासवान
—पंच सम्मेलन में बोले उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य— प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए
वाराणसी, 16 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 के तहत प्रथम पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने ग्रामीण भारत के समग्र विकास, पंचायतों की भूमिका और अगले 25 वर्षों के रोडमैप का विस्तार से जिक्र किया।
केन्द्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 70 फीसदी आबादी गांवों में निवास करती है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनेगा।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 के माध्यम से अगले 25 वर्षों के ग्रामीण विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे मजबूत और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करें।
मनरेगा का उल्लेख करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा, नरेगा योजना के तहत प्रतिवर्ष एक ही गड्ढे को बार-बार न खोदें, बल्कि ऐसी योजनाओं पर कार्य करें जो पंचायतों के स्थायी और बुनियादी विकास को गति दें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और समूह आधारित रोजगार को बाजार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में 23 करोड़ से अधिक बैंक खाते खुलवाए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में वाराणसी शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के निर्माण के बाद काशी की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। आज प्रति वर्ष 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं। सड़क, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकसित भारत जी राम जी अधिनियम के उद्देश्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मलेन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और आजीविका को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि संसद में इस कानून को लेकर विपक्ष ने प्रारंभ में विरोध किया लेकिन इसके उद्देश्यों को समझने के बाद उनका विरोध केवल सांकेतिक रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में मनरेगा केवल धन के बंटवारे तक सीमित थी, जबकि नई व्यवस्था में ग्रामों के बुनियादी विकास और विकसित पंचायतों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना में दवाई, कमाई तथा पढ़ाई की भविष्य की चिंताओं को सम्मिलित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए मौर्य ने कहा कि उन्होंने 13 वर्ष मुख्यमंत्री और 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया है। उनका सतत लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण रहा है।
केशव मौर्य ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में रिकॉर्ड संख्या में प्रधानमंत्री आवास बने, गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से इलाज की सुविधा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और गांवों के लिए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू करने जा रही है। स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और पलायन रोकने के लिए भी नई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने वाराणसी में एलिवेटेड सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा 25 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। सम्मेलन में एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव एवं त्रिभुवन राम समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी