वाराणसी के नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल को बधाई देने उमड़े कार्यकर्ता
—ढोल नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत, पुष्प गुच्छ देने की होड़
वाराणसी, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल को शुक्रवार को उनके निज आवास पर बधाई देने की पार्टी कार्यकर्ताओं में होड़ मची रही।
प्रधानमंत्री के आदर्श गांव ककरहिया के पूर्व प्रधान भाजपा नेता मनोज सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर जिलाध्यक्ष को बधाई दी और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। आवास पर ढोल नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राम सकल पटेल जमीनी कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर तक संगठन की नब्ज पहचानते हैं। उनके नेतृत्व में वाराणसी में भाजपा का संगठन और मजबूत होगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ेगा। हम सब मिलकर 2027 के लिए अभी से जुट जाएंगे।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के महामंत्री भानू शंकर पटेल ने कहा कि जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल के अनुभव का लाभ पूरे जिले के पिछड़े वर्ग को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में संगठन गांव-गांव तक पहुंचेगा और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक ले जाने का काम तेज होगा। हम सभी कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। प्रमोद पटेल, विपिन पांडेय, आलोक पांडेय सहित तमाम भाजपा नेताओं ने राम सकल पटेल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। नेताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। उधर, राम सकल पटेल को वाराणसी जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने भी शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक समर्पित एवं संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि राम सकल पटेल के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं एवं पार्टी की विचारधारा जन-जन तक पहुंचेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी