हर घर नल जल योजना के सभी कार्यों के लिए माइक्रोप्लान तैयार करें : राजशेखर

 


वाराणसी, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित समय में लक्ष्यपूर्ति तथा विकास परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई।

नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपेक्षित ग्रेडिंग और रैंकिंग हासिल करने के लिए व्यक्तिगत रुचि लेकर योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने बी, सी और डी श्रेणी में शामिल योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।बी श्रेणी में शामिल जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पंचम राज्य वित्त आयोग ग्राम पंचायत, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा की गई। वहीं सी श्रेणी में जननी सुरक्षा योजना और आईसीडीएस पोषण अभियान तथा डी श्रेणी में सीएमआईएस-निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।

डॉ. राजशेखर ने हर घर नल जल योजना के सभी कार्यों के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन) के महीनेवार आंकड़े पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराने को कहा।फैमिली आईडी की प्रगति 88 प्रतिशत पाए जाने पर उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सभी तैयारियां समय से पूरी करते हुए निर्धारित मुहूर्त में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कराने को कहा। जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर नोडल अधिकारी ने गड्ढामुक्ति अभियान में तेजी लाने को कहा।

लोक निर्माण विभाग के निर्माण एवं प्रांतीय खंड के अधिकारियों को निर्माणाधीन नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग सड़कों का चिह्नांकन कर एक अक्टूबर से अभियान चलाकर पैचवर्क एवं विशेष मरम्मत के कार्य पूरे कराए।नगर निगम के अधिकारियों को भी चिह्नित सड़कों पर पैचवर्क एवं विशेष मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को समयबद्ध तरीके से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट किया जाए, ताकि पोर्टल पर अद्यतन आंकड़े प्रदर्शित होते रहें।उन्होंने विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्यों को दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी