नेपाल में बाढ़ त्रासदी पर काशी नगरी दुखी, भाजपा नेताओं ने जताया शोक
- भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया बोले, आपदा की घड़ी में मजबूती से नेपाली भाइयों-बहनों के साथ खड़ा है भारत
वाराणसी, 27 अगस्त (हि.स.)। तिब्बत में 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर काशी नगरी दुखी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बाढ़ में हुई जनहानि पर गहरा शोक जताया है। गुरूवार शाम पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने नेपाल में बाढ़ से हुई भीषण जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के नागरिक मजबूती से अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में हुई मौतों और व्यापक नुकसान से भारत बेहद दुखी और सदमे में है। नेपाल केवल भारत का पड़ोसी देश ही नहीं, बल्कि मित्र राष्ट्र है और दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आत्मीय संबंध हैं।
अशोक चौरसिया ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के सुख-दुख में भागीदार रहे हैं। ऐसे कठिन समय में भारत अपने नेपाली भाइयों-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि काशी के सांसद एवं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल सरकार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। भारत की ओर से राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से प्रभावित लोगों तक आवश्यक मदद शीघ्र पहुंचेगी और संकट की इस घड़ी में नेपाल को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ पूरी संवेदना है और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
शोक प्रकट करने वालों में क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर आदि शामिल रहे। उधर, उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने गहरा शोक जताया है। मंत्री ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई भीषण त्रासदी पर हम बेहद दुखी और सदमे में हैं। हम भारतीय नागरिक मजबूती से नेपाली भाइयों व बहनों के साथ हैं। नेपाल हमारा पड़ोसी देश ही नहीं, बल्कि हमारा अभिन्न मित्र राष्ट्र है। हम उनके सुख-दुख में बराबर के भागीदार हैं। काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल सरकार को हर संभव सहायता करने का भरोसा दिया है और भारत सरकार की ओर से राहत सामग्री भेजी जा रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और इस आपदा में घायल हुए लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी