अबकी बार अच्छे कार्यों के दम पर बनारस को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने की तैयारी
--नगर विकास मंत्री ने वाराणसी में नगर विकास कार्यों को लेकर की बैठक--बारिश से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में शनिवार को नगर विकास विभाग एवं ऊर्जा विभाग की अलग-अलग समीक्षा बैठक की और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि नगर से संबंधित सभी विकास कार्यों जैसे रोड, नाली, दीवारों की पेंटिंग, पार्कों का रखरखाव, पार्कों का सौंदर्यीकरण, इंटरलॉकिंग तथा रोड के किनारे सुंदरीकरण के कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए।
शनिवार देर शाम नगर विकास मंत्री ने नगर आयुक्त के साथ शहर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सड़कों, नालियों, सौंदर्यीकरण कार्यों तथा दीवारों की पेंटिंग का जायजा लिया। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य चलते हुए पाए गए, जहां मंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बारिश से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित कर ली जाए ताकि जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। शहर में कहीं भी कूड़ा-कचरा जमा न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा पूरे बनारस की साफ-सफाई पूरी तत्परता के साथ कराई जाए। शर्मा ने कहा कि इस बार सभी बनारस वासियों को मिलकर अच्छे कार्यों के दम पर वाराणसी को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के लिए कार्य करना होगा।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की विद्युत समस्या नहीं होनी चाहिए। बैठक में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा,नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एम डी (पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम) शंभू कुमार भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी