विश्व पर्यावरण दिवस : वाराणसी नगर निगम का वृहद पौधारोपण अभियान, नागरिकों से भी सहभागिता की अपील

 

वाराणसी, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वाराणसी के संकल्प को साकार करने के लिए नगर निगम, वाराणसी ने पूरी तैयारी की है। नगर निगम ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हमारा शहर, हमारा पर्यावरण अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में हरित आवरण को बढ़ाना, पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं सहभागी बनाना है।

नगर निगम की पहल पर विभिन्न आवासीय क्षेत्रों एवं संस्थानों में पौधरोपण कार्यक्रम होगा। इसमें आवास विकास कॉलोनी, पांडेयपुर,विंध्यवासिनी कॉलोनी, अर्दली बाजार, इंदिरा टावर, नारायणपुर, अपेक्स नर्सिंग कॉलेज परिसर शामिल हैं। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों के साथ इस महाअभियान में सहभागी बनें तथा पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें।

गुरूवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ वायु, संतुलित जलवायु और स्वस्थ जीवन के आधार हैं। एक पौधा लगाकर और उसकी देखभाल का संकल्प लेकर प्रत्येक नागरिक आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, वाराणसी सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा करता है, ताकि काशी को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी