वाराणसी : औसानगंज से जगतगंज संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक बिछेगी नई सीवर लाइन
-महापौर, दक्षिणी विधायक ने संयुक्त रुप किया 17.52 करोड़ की योजना का शिलान्यास
वाराणसी, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश का वाराणसी नगर निगम शहर की सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नई सीवर लाइन बिछाने की तैयारी में है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के आदमपुर जोन में 17.52 करोड़ रुयये की लागत से बनने वाली सीवर व जल निकासी परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया।
जैतपुरा (वॉर्ड नंबर 93) के बंगाली बाबू के बगीचे' में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण नारियल फोड़कर संयुक्त रूप से किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत औसानगंज चौराहे से शुरू होकर ईश्वरगंगी, नाटी इमली, धूपचंडी होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक कुल 2010 मीटर लंबी नई सीवर पाइप लाइन का विस्तार किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि यह कार्य अगले छ्ह महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होने से नागकुआ, जैतपुरा, छमुहानी, डिगिया, राजापुरा, ईश्वरगंगी और नाटी इमली आदि क्षेत्रों में बरसात के दिनों में होने वाले भारी जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना से बागेश्वरी वार्ड, ईश्वरगंगी वार्ड, धूपचंडी वार्ड (तीन वार्ड ) लाभान्वित होंगे। महापौर के अनुसार काशी को वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाना नगर निगम और सरकार का संकल्प है। सीवर लाइन का यह विस्तार इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आदमपुर जोन की नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। कार्यक्रम का संचालन राजेश सेठ व धन्यवाद ज्ञापन मध्यमेश्वर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता 'बंटी' ने किया। इस अवसर पर भाजपा पार्षद विवेक चंद्र जायसवाल, सुरेश कुमार चौरसिया, रोहित जायसवाल, संजय विशंभरी, मनोज यादव, श्रवण गुप्ता, अनंत राज गुप्ता, अमरेश गुप्ता, इंद्रेश सिंह, लकी भारद्वाज, विजय सोनकर, सपा पार्षद प्रमोद राय आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी