वाराणसी : हौज कटोरा क्षेत्र को मिलेगी सीवर की समस्या से मुक्ति, 46.63 लाख की लागत से बिछेगी नई लाइन

 

-महापौर ने सीवर लाइन बिछाने के कार्य का किया शिलान्यास

वाराणसी, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के आदि विशेश्वर वार्ड के हौज कटोरा क्षेत्र के निवासियों को अब सीवर जाम और ओवरफ्लो की पुरानी समस्याओं से मुक्ति मिलना तय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शहर दक्षिणी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले हौज कटोरा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

इस क्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का दौरा किया और 835 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत 46.63 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस अवसर पर नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास,भाजपा पार्षद इन्द्रेश सिंह, अनन्तराज गुप्ता, श्रवण गुप्ता , अमरेश गुप्ता, संजय केशरी, विजय द्विवेदी, अंकुर मेहरोत्रा , अतुल पाण्डेय, मनीष गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह व सोमनाथ यादव सहित नगर निगम के अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी